प्रधान सचिव ने DCs संग की वीडियो कॉन्फ्रेंस, लंबित मामलों पर फोकस

पंचकूला, 27 फरवरी : विदेश सहयोगी विभाग की प्रधान सचिव अमनीत पी कुमार ने चंडीगढ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ समाधान शिविर में आई समस्याओं पर की गई कार्यवाही की समीक्षा की। उन्होंने सभी उपायुक्तों को गंभीरता से बिना विलंब के समाधान शिविर की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।

 

उपायुक्त  सतपाल शर्मा ने प्रधान सचिव को आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द कर लिया जाएगा। उपायुक्त ने इसके उपरांत लघु सचिवालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होने समाधान शिविर, सीपी ग्राम, जनसंवाद, सीएम विंडो, एसएमजीटी की लंबित शिकायतों की समीक्षा की और जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिलावासी अपनी समस्या के समाधान के लिए परेशान न हों। इस कार्य में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब ब/र्दाश्त नही किया जाएगा।

इस अवसर पर एसडीएम कालका संयम गर्ग, नगराधीश जागृति, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, जिला बागवानी अधिकारी अशोक कौशिक, एसीपी रमेश कुमार, तहसीलदार कालका विवेक गोयल, सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन जसमेर बंजारा, सत्यवान भारद्ववाज, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता समीर शर्मा, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।