सोमवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सैनी और PM मोदी की प्रदेश के विकास कार्यों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अंबाला में बनकर तैयार हुए भव्य ‘शहीद स्मारक’ के लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया। इसके वजह से PM मोदी जल्द ही एक बार फिर हरियाणा की धरा पर आ सकते हैं।
PM से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब स्थित आदमपुर एयरपोर्ट का नाम ‘संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज’ के नाम पर रखने के ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री का विशेष आभार व्यक्त किया। सीएम सैनी ने बताया कि हिसार एयरपोर्ट का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखा गया है, जो हरियाणा के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह दोनों निर्णय हरियाणा की अस्मिता और महापुरुषों के सम्मान को नई पहचान देते हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने वित्त मंत्री द्वारा कल पेश किए गए केंद्रीय बजट की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बजट विकास, युवाओं के लिए नए अवसर, महिला सशक्तीकरण और गरीबों के कल्याण को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है । इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बजट में हरियाणा को जो दिया है, वैसा योगदान इससे पहले किसी सरकार ने नहीं दिया।
Top Tags