पंचकूला, 10 जनवरी : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर 15, पंचकूला में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, पंचकूला की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी ने छात्राओं को संबोधित किया और नैतिक शिक्षा देते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन के साथ जीवन भर अनुशासित रहना चाहिए। अनुशासित जीवन से ही अधिकतम प्रगति संभव है। एनएसएस के उद्देश्यों सेवा, अनुशासन, सामाजिक जागरूकता एवं नेतृत्व विकास को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्वयंसेवा के माध्यम से समाज सेवा का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य पूनम बेरवाल ने भी छात्राओं को संबोधित किया तथा अपील की कि विद्यार्थी गुरुजनों, माता-पिता एवं वरिष्ठजनों का सम्मान करें। लेक्चरर जयबीर सिंह रंगा ने विस्तृत व्याख्यान में समय के महत्व, अनुशासन व सामाजिक परिवेश के अनुसार जन्म से मृत्यु तक के पड़ावों का जिक्र करते हुए कहा कि संस्कार सतत प्रक्रिया है, जो ता-उम्र परिवेश के अनुसार व्यक्तित्व निर्माण करती है। पीजीटी मोनिका जोशी, नीलम सभरवाल एवं कविता ने छात्राओं को सफलता के गुर सिखाए।
शिविर में छात्राओं ने स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामुदायिक सेवा जैसी गतिविधियों में भाग लिया। एनएसएस कार्यक्रम विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य, नेतृत्व एवं सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विद्यालय की ओर से प्रधानाचार्य पूनम बेरवाल ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी को प्लांटर भेंटकर सम्मानित किया।
Top Tags