न्यूजीलैंड में फिर नगर कीर्तन का विरोध..“यह भारत नहीं..हमारी गलियां”

न्यूजीलैंड में सिख समुदाय की शांतिपूर्ण धार्मिक शोभायात्रा नगर कीर्तन को  लगातार दूसरी बार दक्षिणपंथी समूह के विरोध का सामना करना पड़ा।. गुरु गोबिंद सिंह की जयंती पर ताउरंगा शहर में निकाले गए नगर कीर्तन को दक्षिणपंथी पेंटेकोस्टल नेता ब्रायन तमाकी और उनके डेस्टिनी चर्च समर्थकों ने बाधा डालने की कोशिश की. प्रदर्शनकारियों ने जुलूस के मार्ग में पारंपरिक माओरी हाका किया और “यह न्यूजीलैंड है, भारत नहीं” जैसे बैनर दिखाए. हालांकि पुलिस और सिख स्वयंसेवकों की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में रही.

“यह न्यूजीलैंड है, भारत नहीं”

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला बताया. वही शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि न्यूजीलैंड में शांतिपूर्ण सिख नगर कीर्तन में कथित तौर पर बार-बार व्यवधान उत्पन्न किया जाना ‘गहरी चिंता का विषय’ हैं और उन्होंने केंद्र से इस मामले को न्यूजीलैंड के साथ उठाने का आग्रह किया.

बादल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘न्यूजीलैंड में शांतिपूर्ण सिख नगर कीर्तनों में बार-बार व्यवधान उत्पन्न किया जाना (जिनमें तौरंगा में हुई घटना भी शामिल है) बेहद चिंताजनक हैं. ‘नगर कीर्तन पवित्र धार्मिक जुलूस हैं जो शांति, एकता और सामुदायिक सेवा को बढ़ावा देते हैं. हमेशा ‘सरबत दा भला’ (सभी के कल्याण) के लिए प्रार्थना करने वाले सिख समुदाय ने ऐसे संवेदनशील क्षणों में अनुकरणीय संयम दिखाया है.