हरियाणा में “इंडस्ट्री-लेबर फ्रेंडली काउंसिल” की बैठक

चंडीगढ़ , 12 फरवरी – मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी बुधवार को चंडीगढ़ में “इंडस्ट्री -लेबर फ्रेंडली कॉउन्सिल” की प्रथम बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे इस अवसर पर उन्होने कहा  कि प्रदेश सरकार का मुख्य फोकस “विकसित उद्योग , विकसित श्रमिक” पर रहेगा ताकि राज्य की प्रगति और अधिक तेजी से हो सके।। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रमुख प्रधान सचिव राजेश खुल्लर , गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल , उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल , श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन, मुख्यमंत्री के उपप्रधान सचिव यशपाल के अलावा अन्य अधिकारी तथा कॉउन्सिल के सदस्य उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री व काउंसिल के चेयरपर्सन नायब सिंह सैनी ने बताया कि जब तक किसी प्रदेश में उद्योग निर्बाध गति से नहीं चलेंगे और वहां के श्रमिक खुशहाल नहीं होंगे तब तक वह प्रदेश आर्थिक रूप से प्रगति नहीं कर सकता। इन दोनों वर्गों में सामंजस्य होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इसी मैत्री एवं भाईचारे की भावना को ध्यान में रख कर ही “इंडस्ट्री -लेबर फ्रेंडली काउंसिल” का गठन किया गया है। इस प्रकार की काउंसिल गठित करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार उद्योगों को “ईज ऑफ़ डूइंग” तथा श्रमिकों को “ईज ऑफ़ लिविंग” देने की नीति पर काम कर रही हैं।