किरण रिजिजू ने बुलाई सर्वदलीय बैठक, बजट सत्र पर आज मंथन

बजट सत्र पर मंथन के लिए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक सुबह 11 बजे संसद के एनेक्सी भवन में होगी , बैठक का उद्देश्य आगामी बजट सत्र के दौरान उठने वाले प्रमुख राष्ट्रीय मुद्दों और विधायी कार्यों पर सभी राजनीतिक दलों के साथ चर्चा करना है, ताकि संसद का कामकाज सुचारू रूप से चल सके। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2026 को लोकसभा में देश का आम बजट पेश करेंगी।इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी, जिसके साथ बजट सत्र का औपचारिक शुभारंभ होगा।

बजट सत्र की शुरुआत कल  28 जनवरी से होने जा रही है और यह सत्र दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। सत्र का पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान कुल 30 बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण विधेयकों और नीतिगत मुद्दों पर चर्चा होगी।

सरकार की ओर से आर्थिक सुधारों, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा की उम्मीद है, वहीं विपक्ष भी विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।