अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए राज्य में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में बुजुर्गों की सुविधा के लिए कई विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

सरकारी अस्पतालों में पंजीकरण, ओपीडी, लैब और दवा वितरण केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग कतार की व्यवस्था है। इसके अलावा अस्पतालों में जेरियाट्रिक क्लिनिक चलाए जा रहे हैं, जहां बुजुर्गों को विशेष स्वास्थ्य सेवाएं मिलती हैं। हर महीने के तीसरे शुक्रवार को विशेष जांच शिविर लगाकर मुफ्त दवाएं भी दी जाती हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जिला नागरिक अस्पतालों में फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध है। बुजुर्ग ई-संजीवनी और टेलीमेडिसिन के जरिए घर बैठे विशेषज्ञ डॉक्टरों से सलाह भी ले सकते हैं।

उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से संतुलित भोजन, नियमित हल्की कसरत और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। साथ ही परिवारों से बुजुर्गों के साथ समय बिताने और उन्हें सम्मान देने का आग्रह किया।

Related Posts