H.K क्रिकेटअकादमी ने पन्ना लाल मेमोरियल U-12 टूर्नामेंट का खिताब जीता

पंचकूला में आयोजित छठे स्वर्गीय श्री पन्ना लाल मेमोरियल अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट में एच.के. क्रिकेट अकादमी, लुधियाना, ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल में इस टीम ने जे.पी.एस.ए. स्पोर्ट्स अकादमी, डेराबस्सी को पराजित किया। इस टूर्नामेंट में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया।

हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष  ज्ञान चंद गुप्ता और हरियाणा युवा मोर्चा के अध्यक्ष  योगेंद्र शर्मा  ने विजेता टीम और बेस्ट खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए । श्री गुप्ता ने युवा क्रिकेटरों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें भविष्य में सफलता के लिए आशीर्वाद भी दिया। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे, जिनमें डॉक्टर मदन अरोड़ा, हरियाणा के पूर्व क्रिकेटर सुशील कपूर, तकनीकी सचिव वनीत चावला, पूर्व मेयर मनोज सोनकर और हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव अमरजीत कुमार शामिल थे।

इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटरों को एक मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन और इसके सदस्यों की सराहना की, जो 2004 से जूनियर क्रिकेट के प्रचार और विकास में सक्रिय हैं। महासचिव अमरजीत कुमार ने बताया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अपने कौशल को निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर देना है।

फाइनल मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए जे.पी.एस.ए. ने 30 ओवर में 9 विकेट खोकर 134 रन बनाए। श्रेष्ठ सिंह ने 29 और धरिया पाल ने 20 रन बनाए। एच.के. अकादमी की बॉलर्स वानिका और लक्ष्य ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में एच.के. अकादमी ने 23.2 ओवर में 3 विकेट खोकर 140 रन बनाकर जीत हासिल की। गुरताज सिंह ने 54 और कृष्णा साहनी ने 25 रन बनाए, जिससे टीम ने खिताब अपने नाम किया।