पंचकूला में गीता जयंती महोत्सव की धूम, तैयारियों को अंतिम रूप

पंचकूला 24 नवम्बर : अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव ने आज लघु सचिवालय के सभागार में आगामी 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की आयोजित बैठक की अध्यक्षता की।  निशा यादव ने बताया कि तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव के दौरान सैक्टर-6 स्थित गीता चौक विशेष आर्कषण का केंद्र रहेगा जिसे भव्य रूप से सजाया जाएगा। महोत्सव के दौरान पंचकूला गीता के श्लोकों से गुंजायमान होगा। उन्होने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 29 नवंबर को गीता चौक पर महायज्ञ से किया जाएगा। महोत्सव के तीनों दिन स्कूल व कोलेज के विद्यार्थियों द्वारा गीता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। जिसमें गीता और महाभारत पर आधारित गीत, भजन, नृत्य इत्यादि के माध्यम से हरियाणा की समृद्व सांस्कृति और विरासत को भली भांति प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा स्कूली बच्चों के लिए क्वीज, पोस्टर, निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी तथा विजेताओं को पुरूस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

 

उन्होने बताया कि 30 नवंबर को श्रीमदभगवद गीता की शिक्षाओं पर आधारित सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विशेष रूप से हिंदी व संस्कृत के वक्ताओं द्वारा गीता पर व्याखयान दिया जाएगा। उन्होने बताया कि गीता जंयती महोत्सव में जिला के विद्यार्थियों द्वारा किया जाने वाला गीता श्लोकोच्चारण भी विशेष आर्कषण का केंद्र रहेगा। महोत्सव के अंतिम दिन 1 दिसंबर को जिला के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी एक साथ वैश्विक गीता पाठ के साथ जुड़ेंगे और अश्टादस श्लोकों का उच्चारण करेंगे। इसी दिन भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं पर आधारित नगर शोभा यात्रा निकाली जाएगी। जिसमें पंचकूला के विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं बढ चढकर भाग लेंगी।

इस अवसर पर एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, एसडीएम कालका संयम गर्ग, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गौरव चौहान, नगराधीश जागृति, तहसीलदार सुरेश कुमार, जिला राजस्व अधिकारी डाॅ कुलदीप, जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता समीर शर्मा, कृष्ण कृपा परिवार से परमिंदर ढींगरा, धर्मपाल सिंगला और दीनेश गुप्ता, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सैक्टर-1 और 14 के प्रतिनिधी उपस्थित सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।