आज से दिपावली का त्योहार शुरु हो रहा है इसको लेकर आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को शनिवार को धनतेरस की शुभकामनाएं दीं. यह त्योहार दिवाली के उत्सव की शुरुआत का प्रतीक है. मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘देश के मेरे सभी परिवारजन को धनतेरस की अनेकानेक शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर मैं हर किसी के सुख, सौभाग्य और आरोग्य की कामना करता हूं. भगवान धन्वंतरि सबको अपना भरपूर आशीर्वाद दें,”
धन्वंतरि त्रयोदशी को आमतौर पर धनतेरस के रूप में जाना जाता है. यह दिवाली के त्योहार की शुरुआत माना जाता है और हिंदू कैलेंडर के अश्विन माह के कृष्ण पक्ष (चंद्रमा का क्षीण काल) के 13वें चंद्र दिवस पर मनाया जाता है. धनतेरस को हिंदू कैलेंडर में सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं से लेकर बर्तनों जैसी वस्तुओं की खरीदारी के लिए सबसे शुभ दिन माना जाता है. शनिवार को देशभर में धनतेरस का त्योहार मनाया रहा है। आज के दिन भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और कुबेर की पूजा होती है. धनतेरस को धन और स्वास्थ्य दोनों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।
वहीं धनतेरस पर अन्य नेताओं की तरफ से भी बधाई आ रहे हैं। धनतेरस को खरीदारी के लिए भी जाना जाता है ।बाजार में सुबह से भी भीड़ देखी जा रही है। अयोध्या से लेकर उज्जैन के महाकालेश्वर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। महाकालेश्वर में भस्म आरती की गई। सोने-चांदी का भाव चढ़ने का बावजूद आज ग्राहकों की भीड़ दुकानों पर देखी जा सकती है।
भगवान धन्वंतरि से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य की कामना करता हूं: गृह मंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “भगवान धन्वंतरि से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य की कामना करता हूं।” इस दौरान, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संदेश में स्वदेशी उत्पादों को अपनाने पर जोर दिया। देशवासियों के नाम अपने संदेश में उन्होंने लिखा, “सुख, समृद्धि और आरोग्य के पावन पर्व धनतेरस की आप सभी को हार्दिक बधाई और अनंत शुभकामनाएं। भगवान धन्वंतरि आपको स्वास्थ्य-धन प्रदान करें और माता लक्ष्मी आपके घर-आंगन को सुख, समृद्धि, धन-धान्य एवं वैभव से परिपूर्ण करें। इस धनतेरस ‘वोकल फॉर लोकल’ को खरीदारी का मंत्र बनाइए। स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाइए।”
Top Tags