लखनऊ, 18 मार्च 2026: योगी सरकार के नौ साल पूरे होने पर बुधवार को लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजित कार्यक्रम में महिला कल्याण के कार्यों को गिनाया। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रहीं है। राज्य में अब तक 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गईं, जिनमें से 1.75 लाख बेटियों को रोजगार मिला। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 1.10 करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयंसेवी समूहों के माध्यम से उद्यमिता के क्षेत्र में काम कर रही हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिला उद्यमी स्कीम के तहत इस बार के बजट में खास व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, और सामूहिक विवाह योजना में राज्य सरकार ने अपनी पूरी प्रतिबद्धता दिखाते हुए बेटियों को लाभ दिया है। अब तक पांच लाख बेटियों की शादी सामूहिक विवाह योजना के तहत कराई गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निराश्रित महिलाओं, वृद्धों और दिव्यांगजन पेंशन की भी चर्चा की और बताया कि राज्य सरकार 1.06 करोड़ परिवारों को 12 हजार रुपये वार्षिक पेंशन प्रदान कर रही है, और इसमें वृद्धि की योजना जल्द लागू की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में अब तक 1.30 लाख से अधिक युवा उद्यमी बने हैं, और 65 लाख से ज्यादा नौकरियां बड़े निवेशों के माध्यम से प्रदान की गई हैं। इसके अलावा, प्रदेश के युवाओं के लिए टैबलेट वितरण योजना के तहत 50 लाख युवाओं को टैबलेट मिल चुके हैं और शेष को भी जल्द ही वितरण किया जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने राज्य के विकास में युवाओं और महिलाओं की अहम भूमिका को रेखांकित किया और इसे सरकार की प्राथमिकता बताया।
Top Tags