चंडीगढ़, 21 फरवरी– हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अमृतसर में आयोजित ‘पंजाब बचाओ रैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही पावन भूमि है जहां से श्री हरमंदिर साहिब से ‘सरबत दा भला’ का संदेश पूरी दुनिया में गया। यह वही धरती है जहां जलियांवाला बाग की मिट्टी आज भी स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों की गवाही देती है। पंजाब ने भारत माता को भगत सिंह, उधम सिंह और सुखदेव जैसे अमर सपूत दिए हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी महान और पवित्र धरती पर ‘पंजाब बचाओ’ का नारा लगाना पीड़ा भी देता है और संकल्प को मजबूत भी करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आत्ममंथन की आवश्यकता है क्या पंजाब का नौजवान सुरक्षित और आत्मविश्वास से भरे भविष्य की ओर बढ़ रहा है, या नशे और निराशा के अंधकार में धकेला जा रहा है? क्या किसान संतोष की सांस ले पा रहा है या कर्ज और अनिश्चित नीतियों के बोझ तले दबा है? क्या व्यापारी निडर होकर व्यापार कर रहा है या फिरौती और असुरक्षा के साये में जी रहा है?
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार और ढीली प्रशासनिक व्यवस्था ने पंजाब को कमजोर किया। नशे की समस्या गांव-गांव तक पहुंची, पर कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रही। किसानों से कर्ज माफी और युवाओं को रोजगार के वादे किए गए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित परिणाम नहीं दिखे।
Top Tags