पंचकूला फरवरी 24: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज 7 दिनों में 153 किलोमीटर , कालका से कलेसर तक की चुनौतीपूर्ण ट्रैकिंग पूरी करने वाले विद्यार्थियों से भेंट की। मुख्यमंत्री ने इस साहसिक उपलब्धि के लिए युवाओं की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार बेहतर अनुभव और अवसर उपलब्ध कराने के लिए नई आधारभूत संरचनाओं (इन्फ्रास्ट्रक्चर) का निर्माण कर रही है, ताकि युवाओं को आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा अपनी बहुमुखी प्रतिभा और रिकॉर्ड बनाने की परंपरा के लिए जाना जाता है, और युवाओं ने 7 दिनों में 153 किलोमीटर की ट्रैकिंग पूरी कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।
इस अवसर पर युवा कल्याण संयोजक ने बताया कि यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार के युवा कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि जे.सी. बोस विश्वविद्यालय तथा एम.एल.एन. कॉलेज यमुनानगर के कुल 7 विद्यार्थियों ने इस ट्रैक को सफलतापूर्वक पूरा किया। ये विद्यार्थी कालका से कलेसर तक 153 किलोमीटर की ट्रैकिंग पूरी करने वाले हरियाणा के पहले युवा बने हैं, जिससे प्रदेश का मान बढ़ा है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के साहस, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प की सराहना की गई।
Top Tags