श्री मुक्तसर साहिब में नतमस्तक हुए CM मान, माघी मेले में सियासी संदेश

CM भगवंत मान मेला माघी के अवसर पर श्री मुक्तसर साहिब के गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक हुए. श्री मुक्तसर साहिब में सुबह से ही प्रदेशभर से पहुंचे समर्थकों और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ-साथ दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मंच पर पहुंचे हैं।

मंच पर पंजाब सरकार की कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर, गुरमीत सिंह खुड्डीयां और लाल चंद कटारू चक्क सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। मनीष सिसोदिया ने मंच से कहा कि  इतनी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे है। चार साल पहले एक मौका भगवंत मान को देने की बात की थी, लेकिन यह भीड़ गवाह है कि अगला मौका भगवंत मान को देंगे।

श्री मुक्तसर साहिब में आयोजित राजनीतिक सम्मेलन में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संबोधन की शुरुआत चालीस मुक्तों की धरती को नमन करने से की। उन्होंने कहा कि पंजाब को दोबारा रंगला पंजाब बनाने का सपना देखने वाले लोगों का स्वागत है। मुक्तसर की इस ऐतिहासिक धरती पर हुए बलिदानों का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि जो कौमें अपनी कुर्बानियों को भूल जाती हैं, उनका अस्तित्व खतरे में पड़ जाता है। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि जनता का काम करने से बारी मिलती है, न कि खजाना लूटने से। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने अब तक 63 हजार से अधिक नौकरियां बिना किसी सिफारिश और बिना एक रुपये लिए दी हैं। स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने के लिए नई भर्तियां की जा रही हैं और 10,000 से अधिक नए पद पंजाब पुलिस में भरे जा रहे हैं।