स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल हो गुरु तेग बहादुर जी की जीवनी – बृज शर्मा

चंडीगढ़, 18 दिसंबर।  गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में जननायक जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा है कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है, वे हम सबके लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार से मांग करते हुए कहा कि आज गुरु तेग बहादुर जी की जीवनी के बारे में हर किसी को पता होना चाहिए इसलिए राज्य सरकार को उनकी जीवनी को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करके बच्चों को पढ़ानी चाहिए। बृज शर्मा ने कहा कि धर्म, संस्कृति, आदर्शों और मूल्यों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले गुरु तेग बहादुर जी को ‘हिंद की चादर’ क्यूं कहा जाता है ? ये हमारी आने वाली पीढ़ी को तभी पता चलेगा, जब सरकार इसे पाठ्यक्रम में शामिल करेगी।

जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का जीवन और बलिदान प्रेरणादायक रहा है और उनके बारे में बच्चों को बताना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350वां शहीदी दिवस मनाने की बातें कर रही है, ऐसे में सरकार को उनकी जीवनी को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की दिशा में भी जरूर कदम उठाना चाहिए। बृज शर्मा ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, दीनबंधु सर छोटू राम, चौधरी देवीलाल, चौधरी चरण सिंह, शहीद भगत सिंह, महात्मा ज्योतिबा फुले, अहिल्याबाई होलकर, संत कबीर, एपीजे अब्दुल कलाम जैसे अनेक महापुरुषों से आज हमारे युवा प्रेरणा लेते हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि अन्य महापुरुषों की तरह बच्चों को गुरु तेग बहादुर जी के बारे में भी पढ़ाया जाना चाहिए।