एथर एनर्जी ने पंजाब और हरियाणा के बाजार को ध्यान में रखते हुए अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर कोणार्क (Konark) चंडीगढ़ में लॉन्च किया है। कंपनी का कहना है कि कोणार्क का उद्देश्य इलेक्ट्रिक स्कूटर को ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाना और इसे रोजमर्रा की जरूरत के लिए एक व्यावहारिक विकल्प बनाना है।
कोणार्क को एथर के नए EL प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। कंपनी ने इसमें रेंज, आराम, मजबूती और कम मेंटेनेंस पर खास ध्यान दिया है।
200 किमी तक की रेंज
एथर कोणार्क S और Z सीरीज में कुल छह वैरिएंट्स में उपलब्ध होगा। कंपनी के मुताबिक, इसके अलग-अलग वैरिएंट्स में 200 किलोमीटर तक की IDC रेंज मिलती है।
कोणार्क की कीमत 99,999 रुपये (एक्स-शोरूम, चंडीगढ़) से शुरू होने वाली स्पेशल इंट्रोडक्टरी कीमत पर रखी गई है। चुनिंदा वैरिएंट्स की डिलीवरी चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही है।
10 साल या 1 लाख किमी की बैटरी वारंटी
कोणार्क की सबसे बड़ी खासियत इसकी बैटरी वारंटी है। सभी वैरिएंट्स में एथर की पांचवीं पीढ़ी की बेडरॉक बैटरी दी गई है।
कंपनी बैटरी पर 10 साल या 1,00,000 किलोमीटर, जो भी पहले हो, की वारंटी दे रही है। इसके साथ वारंटी अवधि के अंत तक कम से कम 70 प्रतिशत बैटरी हेल्थ की गारंटी भी दी गई है।
स्कूटर का सर्विस इंटरवल 10,000 किलोमीटर या एक साल, जो भी पहले हो, रखा गया है। कंपनी के मुताबिक, इससे नियमित सर्विस की जरूरत कम होगी।
मेटल बॉडी और नया चेसिस
कोणार्क को भारतीय सड़कों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। इसमें 14 इंच का फ्रंट अलॉय व्हील और 12 इंच का रियर अलॉय व्हील दिया गया है। इसका व्हीलबेस 1,352 मिमी है।
स्कूटर में दोनों तरफ लॉन्ग-ट्रैवल सस्पेंशन दिए गए हैं। यह एथर का पहला स्कूटर है जिसमें रियर साइड पर मेटल पैनल और स्टील यूनिबॉडी चेसिस दिया गया है।
रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए कई फीचर्स
कोणार्क में एथर का एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम (AeBS) दिया गया है, जो सड़क की परिस्थितियों के अनुसार आगे और पीछे के पहियों के बीच ब्रेकिंग फोर्स को एडजस्ट करता है।
इसके अलावा इसमें मैजिककी, ऑटोपॉप और एयरवॉक जैसे फीचर्स मिलते हैं। मैजिककी से कीलेस एक्सपीरियंस मिलता है, जबकि ऑटोपॉप अंडर-सीट स्टोरेज को आसानी से खोलने में मदद करता है। एयरवॉक फीचर तंग पार्किंग जगह में स्कूटर को आगे-पीछे करने में मदद करता है।
900W तक की चार्जिंग
कोणार्क में इन-बिल्ट ऑनबोर्ड चार्जर और चार्जिंग केबल दी गई है। कंपनी एक वैकल्पिक 450W ऑफबोर्ड चार्जर भी दे रही है।
यह ऑनबोर्ड 450W चार्जर के साथ मिलकर 900W की कंबाइंड चार्जिंग उपलब्ध कराता है। कंपनी के अनुसार, इससे होम चार्जिंग का समय कम किया जा सकता है।


