पंजाब सरकार ने राज्य के करीब 8 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को त्योहारी सीजन से पहले राहत दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कर्मचारी और पेंशनर संगठनों के साथ बैठक के बाद महंगाई भत्ते (DA) में 8 फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान किया। सरकार के अनुसार, बढ़े हुए DA का लाभ सितंबर की सैलरी से लागू होगा और अक्टूबर में मिलने वाली सैलरी में इसका असर दिखाई देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को बातचीत के जरिए हल किया जाएगा। इसके लिए कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ हर महीने बैठक करने का फैसला लिया गया है। बैठक में ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS), पेंशन फैक्टर, विभिन्न भत्तों, ACP और प्रोबेशन पीरियड से जुड़े लंबित मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

महिला कर्मचारियों के लिए सरकार ने घर से 40 किलोमीटर के दायरे में पोस्टिंग देने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे महिलाओं को नौकरी और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद मिलेगी।

भगवंत मान ने बताया कि पंजाब में करीब 70 हजार सरकारी नौकरियां पारदर्शी और मेरिट के आधार पर दी गई हैं। उन्होंने कर्मचारियों को प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके कल्याण को सरकार की प्राथमिकता बताया।

Related Posts