हरियाणा सरकार ने चरखी दादरी जिले की निगरानी और विकास कार्यों की समीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग को जिले का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। वह अपने मौजूदा पदों के साथ यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
के. मकरंद पांडुरंग वर्तमान में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग और खान एवं भूविज्ञान विभाग के आयुक्त एवं सचिव हैं। इसके अलावा वह पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने उनकी नियुक्ति से संबंधित आदेश जारी किए हैं।
नई जिम्मेदारी के तहत वह जिले में 25 करोड़ रुपये या उससे अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही जिले में अपराध की स्थिति, गंभीर अपराधों, सतर्कता मामलों और राइट टू सर्विस एक्ट के तहत लोगों को मिल रही सेवाओं की भी निगरानी करेंगे।
स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा उनकी जिम्मेदारी में शामिल होगी। इसके अलावा कर, जीएसटी और अन्य संबंधित मामलों में डीईटीसी के सामने आने वाली समस्याओं को भी देखा जाएगा।
वह उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में विधायकों व अन्य जनप्रतिनिधियों से बातचीत कर सकते हैं। जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य या शिक्षा विभाग से जुड़े किसी महत्वपूर्ण स्थल का दौरा भी करेंगे। हर तिमाही उन्हें अपनी समीक्षा और प्रगति की रिपोर्ट मॉनिटरिंग एवं कोऑर्डिनेशन सेल को देनी होगी।


