मुंबई में मार्च 2023 में शुरू हुआ नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) अब देश के प्रमुख सांस्कृतिक मंचों में अपनी पहचान बना चुका है। तीन साल के दौरान यहां 3,500 से अधिक शो आयोजित किए गए, जिन्हें करीब 25 लाख दर्शकों ने देखा। इस दौरान 10,500 से ज्यादा कलाकारों ने 15 से अधिक भाषाओं में अपनी प्रस्तुतियां दीं।

NMACC में भारतीय कला और संस्कृति को आधुनिक तकनीक और बड़े प्रोडक्शन के साथ पेश किया गया। ‘मुगल-ए-आजम: द म्यूजिकल’, ‘राजाधिराज: लव. लाइफ. लीला’ और ‘द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल: सिविलाइजेशन टू नेशन’ जैसी प्रस्तुतियों ने भारतीय कहानियों को बड़े मंच तक पहुंचाया।

इसके साथ ही मुंबई के दर्शकों को ‘द साउंड ऑफ म्यूजिक’, ‘वेस्ट साइड स्टोरी’, ‘MAMMA MIA!’, ‘द फैंटम ऑफ द ओपेरा’ और ‘Wicked’ जैसे अंतरराष्ट्रीय शो देखने का अवसर मिला।

NMACC में 2,000 सीट वाला ग्रैंड थिएटर, 198 सीट का स्टूडियो थिएटर, 80 सीट का द क्यूब और चार मंजिला आर्ट हाउस मौजूद है। यहां थिएटर, संगीत, डांस, कॉमेडी और विजुअल आर्ट से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होते हैं।

केंद्र की गतिविधियां अब वैश्विक स्तर पर भी पहुंच रही हैं। भारत की कला को अंतरराष्ट्रीय मंच पर ले जाने की दिशा में NMACC की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। आने वाले समय में ‘द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल’ की वापसी और संगीतकार मैक्स रिक्टर की भारत में प्रस्तुति भी प्रस्तावित है।

इन उपलब्धियों से साफ है कि NMACC भारतीय परंपरा, आधुनिक कला और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को एक ही मंच पर जोड़ने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Related Posts