पुराना लैपटॉप या डेस्कटॉप धीमा हो गया है तो अब तुरंत नया कंप्यूटर खरीदने की जरूरत नहीं पड़ सकती। रिलायंस जियो ने JioPC को सभी इंटरनेट यूजर्स के लिए उपलब्ध कर दिया है। यह सेवा क्लाउड तकनीक की मदद से पुराने कंप्यूटर को ज्यादा क्षमता के साथ इस्तेमाल करने की सुविधा देती है।
JioPC के जरिए यूजर्स को 16GB तक RAM और 1TB तक स्टोरेज का एक्सेस मिलेगा। कंपनी का दावा है कि करीब 8 साल पुराने कंप्यूटर को भी AI-ready बनाया जा सकता है। खास बात यह है कि JioPC इस्तेमाल करने के लिए जियो का इंटरनेट कनेक्शन होना जरूरी नहीं है।
JioPC को पांच मिनट से भी कम समय में एक्टिव किया जा सकता है। इसके लिए नया हार्डवेयर लगाने या डेटा माइग्रेट करने की जरूरत नहीं होगी।
JioPC के प्लान ₹1,000 से शुरू हैं। 8GB RAM और 500GB स्टोरेज वाला दो महीने का प्लान ₹1,000 में मिलेगा। वहीं 16GB RAM और 1TB स्टोरेज वाला JioPC Ultra दो महीने के लिए ₹1,200 में उपलब्ध होगा।
यह सेवा क्लाउड पर चलती है, इसलिए अच्छा और स्थिर इंटरनेट कनेक्शन जरूरी है। इसे ब्रॉडबैंड के अलावा 4G और 5G नेटवर्क पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है।


