हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन हुए हंगामे को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष के उन आरोपों को खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि कांग्रेस नेताओं को सदन में आने से रोका गया और उनके साथ धक्का-मुक्की की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विपक्ष के किसी भी सदस्य को विधानसभा में आने से नहीं रोका गया। सभी नेताओं को सम्मान के साथ सदन में प्रवेश दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तथ्यों को सुनने के बजाय पहले से तय एजेंडे के तहत सरकार पर आरोप लगा रही है।

सीएम सैनी ने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई वीडियो फुटेज से सामने आ सकती है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से वीडियो रिकॉर्डिंग मंगवाकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के साथ पूरे मामले की जांच कराने का सुझाव दिया।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विधानसभा जनता के मुद्दों पर चर्चा और संवाद का मंच है। अगर विपक्ष को किसी नीति या फैसले पर आपत्ति है, तो वह सदन में अपनी बात रख सकता है और सरकार उसका जवाब देने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि लगातार शोर-शराबा करने से सदन की गरिमा प्रभावित होती है। प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और वह खुद तय करेगी कि कौन जनहित के मुद्दे उठा रहा है।

Related Posts