हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य स्तरीय समारोह में कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। समारोह में 24 पदक विजेताओं और प्रतिभागियों को कुल 13 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि देश की कुल आबादी में हरियाणा की हिस्सेदारी करीब 2 प्रतिशत है, लेकिन कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा जीते गए कुल पदकों में राज्य के खिलाड़ियों की हिस्सेदारी 28 प्रतिशत से अधिक रही।
सीएम सैनी ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और मजबूत खेल संस्कृति का परिणाम है। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए लगातार काम कर रही है।
समारोह में सम्मानित खिलाड़ियों ने भी सरकार के सहयोग के लिए आभार जताया। यह सम्मान युवा खिलाड़ियों के लिए खेलों में आगे बढ़ने और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने की नई प्रेरणा बनेगा।


