मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 21 अगस्त को गुरुग्राम में जेन-जी एंटरप्रेन्योर्स यानी युवा उद्यमियों के साथ सीधे संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्टार्टअप और कारोबार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम में अनावश्यक औपचारिकताएं न रखी जाएं। वह युवाओं के साथ सहज माहौल में बातचीत करेंगे और उनकी बातों को सुनेंगे। युवा इस दौरान अपने स्टार्टअप आइडिया, कारोबार से जुड़ी चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं को मुख्यमंत्री के सामने रख सकेंगे।
कार्यक्रम में मास्टर क्लास रूम और स्टार्टअप रूम भी स्थापित किए जाएंगे। यहां अपना कारोबार शुरू करने की तैयारी कर रहे युवाओं को स्टार्टअप से जुड़ी जरूरी जानकारी और मार्गदर्शन दिया जाएगा। इससे युवाओं को अपने आइडिया को बिजनेस में बदलने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर ‘युवा उद्यमी यात्रा’ को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यात्रा की बसें प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने, उसे आगे बढ़ाने और सफलता तक पहुंचाने के बारे में जानकारी देंगी।
सरकार का फोकस युवाओं को रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने पर है। इस पहल से प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


