हरियाणा के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अब कर्मचारियों को रोजाना पांच मिनट का योग ब्रेक मिलेगा। मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अनुरूप प्रदेश में महत्वाकांक्षी ‘वाई-ब्रेक’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य काम के दौरान कर्मचारियों को थोड़े समय के लिए योग और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि वे तनावमुक्त और स्वस्थ रह सकें।

कार्यक्रम के तहत औद्योगिक इकाइयों में योग शिविर और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें कर्मचारियों को आसान योग अभ्यास और उन्हें रोजमर्रा की दिनचर्या में शामिल करने की जानकारी दी जाएगी।

शिफ्ट में चलने वाली औद्योगिक इकाइयों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। प्रत्येक शिफ्ट में 50 कर्मचारियों पर कम से कम एक प्रशिक्षित व्यक्ति सुनिश्चित किया जाएगा, जो अन्य कर्मचारियों को योग अभ्यास में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगा और आवश्यक मार्गदर्शन देगा।

सरकार का मानना है कि नियमित छोटे योग सत्र कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ मानसिक तनाव कम करने में भी मदद करेंगे। ‘वाई-ब्रेक’ को स्वस्थ कार्यस्थल और बेहतर कार्य संस्कृति की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Posts