हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम में नई निजी यूनिवर्सिटी स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में मास्टर्स यूनियन यूनिवर्सिटी की स्थापना से जुड़े संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी गई।

कैबिनेट ने हरियाणा प्राइवेट यूनिवर्सिटीज एक्ट, 2006 में संशोधन के लिए ‘हरियाणा प्राइवेट यूनिवर्सिटीज (संशोधन) बिल, 2026’ लाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी है। इसके जरिए गुरुग्राम में यूनिवर्सिटी स्थापित करने का रास्ता साफ होगा।

सरकार का कहना है कि इस फैसले से राज्य में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और विद्यार्थियों को नए तरह के शैक्षणिक विकल्प मिलेंगे। यह कदम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात यानी GER को 50 प्रतिशत तक पहुंचाने के लक्ष्य में भी योगदान देगा।

गुरुग्राम पहले से ही शिक्षा, तकनीक और उद्योग के क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहा है। ऐसे में नई यूनिवर्सिटी के आने से युवाओं के लिए उच्च शिक्षा और कौशल विकास के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

सरकार के मुताबिक निजी क्षेत्र की भागीदारी से उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Related Posts