भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने सोमवार को हरियाणा लोक भवन में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात की। सेना प्रमुख बनने के बाद राज्यपाल के साथ यह उनकी पहली मुलाकात रही। बैठक में नागरिक प्रशासन और सेना के बीच बेहतर तालमेल के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में आंतरिक सुरक्षा, युवाओं के सशक्तिकरण, अग्निवीरों के लिए रोजगार, पूर्व सैनिकों के कल्याण और सेना की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा आवासीय परियोजनाओं और आत्मनिर्भरता से जुड़े प्रयासों को लेकर भी चर्चा हुई।
प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत और बचाव कार्यों के लिए तैयारियों पर भी दोनों पक्षों ने विचार साझा किए। इस दौरान हरियाणा से जुड़े भारतीय सेना के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की भी सराहना की गई।
सेना प्रमुख ने राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में भारतीय सेना की भूमिका के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक से हरियाणा सरकार और भारतीय सेना के बीच सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक संदेश गया।


