पंजाब विधानसभा ने पिंगलवाड़ा के संस्थापक और महान समाजसेवी भगत पूरन सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने उन्हें निस्वार्थ सेवा, मानवता और करुणा का प्रतीक बताया।

स्पीकर संधवां ने कहा कि भगत पूरन सिंह का जीवन सेवा, प्रेम और मानवता की मिसाल था। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीब, बेसहारा, बीमार और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि दिव्यांग प्यारा सिंह को अपने कंधों पर उठाकर अमृतसर की गलियों में घूमना केवल सेवा नहीं, बल्कि मानवता का सबसे बड़ा उदाहरण था। उन्होंने जरूरतमंदों को आश्रय देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी महत्वपूर्ण कार्य किया।

कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि आज के समय में भगत पूरन सिंह के विचार और उनका जीवन जनसेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम सभी सेवा, करुणा और मानवता के रास्ते पर चलने का संकल्प लें।

Related Posts