हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उन पर “हाथी के दांत दिखाने के कुछ और, खाने के कुछ और” वाली कहावत पूरी तरह लागू होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग मुद्दों पर दोहरा रवैया अपनाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में हाल ही में सामने आया पेपर लीक का मामला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस मामले पर न तो पंजाब सरकार खुलकर कुछ कह रही है और न ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी कोई प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उनके अनुसार, जब अन्य राज्यों में ऐसी घटनाएं होती हैं तो विपक्ष सरकारों को घेरता है, लेकिन पंजाब के मामले में पूरी तरह चुप्पी साध ली गई है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनता अब इस दोहरे रवैये को अच्छी तरह समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों पर राजनीति नहीं, बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही होनी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Related Posts