भारतटेक्स 2026 में मुख्यमंत्री भगवंत मान का बड़ा ऐलान, बोले- टेक्सटाइल निवेश के लिए पंजाब सबसे बेहतर राज्य
नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को भारतटेक्स 2026 के दौरान उद्योगपतियों और निवेशकों को पंजाब में निवेश करने का खुला न्योता दिया। उन्होंने कहा कि आज पंजाब देश का सबसे भरोसेमंद और उद्योग-अनुकूल राज्य बनकर उभरा है, जहां टेक्सटाइल उद्योग के लिए पूरी वैल्यू चेन, बेहतर बुनियादी ढांचा और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध है।
भारतटेक्स 2026 में पंजाब स्टेट पवेलियन का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पंजाब इंडस्ट्रियल एंड बिजनेस डेवलपमेंट पॉलिसी-2026 लागू की है। इसके तहत उद्योगों को समयबद्ध मंजूरी, सिंगल विंडो और सिंगल पेन सिस्टम जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं, जिससे निवेशकों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में पंजाब में करीब ₹2 लाख करोड़ का निवेश आया है, जिससे लगभग पांच लाख लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार उद्योगपतियों को भागीदार मानकर काम कर रही है, जबकि पहले की सरकारों में उद्योगों को केवल कमाई का जरिया समझा जाता था।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में कारोबार को आसान बनाने के लिए राइट टू बिजनेस एक्ट लागू किया गया है और प्रशासनिक अड़चनों को खत्म करने के लिए कई बड़े सुधार किए गए हैं। यही कारण है कि आज पंजाब निवेशकों के लिए तेजी से पसंदीदा राज्य बन रहा है।
टेक्सटाइल उद्योग के लिए पंजाब सबसे मजबूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब उन चुनिंदा राज्यों में शामिल है जहां कपास की खेती से लेकर धागा, कपड़ा, प्रोसेसिंग, गारमेंट निर्माण और निर्यात तक पूरी टेक्सटाइल वैल्यू चेन एक ही राज्य में मौजूद है। इससे उद्योगों की लागत कम होती है और उत्पादन क्षमता बढ़ती है।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में पंजाब से 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के टेक्सटाइल उत्पादों का निर्यात हुआ। पंजाब के उत्पाद अमेरिका, ब्रिटेन, यूएई सहित दुनिया के कई देशों में भेजे जा रहे हैं।
लुधियाना देश का सबसे बड़ा निटवेयर हब
मुख्यमंत्री ने कहा कि लुधियाना उत्तर भारत का सबसे बड़ा निटवेयर और परिधान क्लस्टर है। यहां से देश के करीब 90 प्रतिशत ऊनी निटवेयर और लगभग 65 प्रतिशत होजरी उत्पाद तैयार किए जाते हैं।
उन्होंने वर्धमान, नाहर, मॉन्टे कार्लो, स्पोर्टकिंग, शिंगोरा, सनाथन टेक्सटाइल्स, गंगा एक्रोवूल और ऑक्टेव जैसी प्रमुख कंपनियों का भी उल्लेख किया, जिन्होंने पंजाब को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है।
नई तकनीक और वैश्विक बाजार पर फोकस
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब अब टेक्निकल टेक्सटाइल, मेडिकल टेक्सटाइल, इंडस्ट्रियल टेक्सटाइल, प्रोटेक्टिव टेक्सटाइल, जियोटेक्सटाइल, स्मार्ट फैब्रिक, सस्टेनेबल फाइबर और हाई-परफॉर्मेंस स्पोर्ट्सवियर जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर, विश्वसनीय बिजली, कौशल विकास, नवाचार, निर्यात प्रोत्साहन और आसान निवेश प्रक्रिया पर लगातार काम कर रही है। इसके लिए इन्वेस्ट पंजाब और फास्टट्रैक पंजाब पोर्टल के माध्यम से उद्योगों को तेज और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश के उद्योगपतियों से पंजाब में निवेश करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है और टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश के लिए अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा सहित कई उद्योगपति और प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।


