पंजाब में SIR-2026 अभियान को मिली रफ्तार, दो दिवसीय विशेष कैंपों में 30 लाख से अधिक मतदाताओं ने जमा किए एन्यूमरेशन फॉर्म
पंजाब में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत आयोजित दो दिवसीय विशेष कैंपों में 30 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने एन्यूमरेशन फॉर्म (Enumeration Forms) जमा किए। राज्यभर के सभी मतदान केंद्रों पर 11 और 12 जुलाई को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष कैंप लगाए गए थे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) पंजाब अनिंदिता मित्रा ने बताया कि विशेष कैंपों के दौरान मतदाताओं ने अपने भरे हुए एन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के पास जमा कराए।
उन्होंने बताया कि घर-घर जाकर फॉर्म एकत्र करने का अभियान 24 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा। पिछले 18 दिनों में राज्य के 1.30 करोड़ से अधिक मतदाता अपने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर चुके हैं, जो अभियान की तेज प्रगति को दर्शाता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उन मतदाताओं से अपील की है जिन्होंने अभी तक अपने फॉर्म जमा नहीं किए हैं कि वे जल्द से जल्द अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित समय सीमा के भीतर फॉर्म जमा करें।
उन्होंने कहा कि 3 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची (Draft Electoral Roll) में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम शामिल सुनिश्चित करने के लिए समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करना आवश्यक है। यदि कोई पात्र मतदाता निर्धारित समय के भीतर फॉर्म जमा नहीं करता है, तो उसका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल होने में कठिनाई आ सकती है।


