मोहाली, 26 जून: पंजाब की भगवंत सिंह मान सरकार द्वारा चलाए जा रहे “युद्ध न/शों के विरुद्ध” अभियान के तहत नशीले पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम, निगरानी, पुनर्वास तथा सामुदायिक सहभागिता को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से आज श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री मलविंदर सिंह कंग की अध्यक्षता में जिला प्रशासनिक परिसर, सेक्टर-76, एस.ए.एस. नगर में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के दूसरे चरण के तहत की गई कार्रवाई तथा उपलब्धियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त श्रीमती कोमल मित्तल, एसएसपी (अतिरिक्त प्रभार) मनिंदर सिंह, एसपी दीपिका सिंह, एसडीएम खरड़ गुरमीत सिंह, एसडीएम बनूड़ श्रीमती रमणदीप कौर, संयुक्त आयुक्त नगर निगम मोहाली श्री नवदीप सिंह, सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन, डीडीपीओ परमबीर कौर, न/शा मुक्ति केंद्र की प्रभारी डॉ. पूजा गर्ग, अभियान की जोन इंचार्ज श्रीमती अनू बब्बर, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, कार्यसाधक अधिकारी तथा ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सांसद मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि “युद्ध न/शों के विरुद्ध” अभियान पंजाब को न/शा मुक्त बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसकी सफलता के लिए सभी विभागों और समन्वयकों को आपसी तालमेल के साथ और अधिक सक्रियता से कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि नशे के हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए, युवाओं को खेलों एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए तथा जिन लोगों को उपचार की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर इलाज और पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।


