पंचकूला, 19 जून- खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता विभाग के आयुक्त एवं सचिव जे गणेशन ने चंडीगढ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ समाधान शिविर की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा व उनकी समीक्षा की। उन्होंने सभी उपायुक्तों को बिना विलंब के समाधान शिविर की सभी तरह की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव ने आयुक्त एवं सचिव को बताया कि संबंधित समस्याओं का समाधान कर दिया गया है बाकि समस्याओं का भी जल्द ही समाधान करने का आश्वासन दिया।
अतिरिक्त उपायुक्त ने इसके उपरांत लघु सचिवालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होने समाधान शिविर, सीपी ग्राम, जनसंवाद, सीएम विंडो, एसएमजीटी की लंबित शिकायतों की समीक्षा की और अगली बैठक तक सभी विभाग अपनी लंबित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिलावासी अपनी समस्या के समाधान के लिए परेशान न हों। इस कार्य में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नही किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित समस्याओं का अगली बैठक तक समाधान करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिले में समाधान शिविर का आयोजन लगातार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग अलग कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े और उनकी समस्याओं का समाधान एक ही जगह पर हो सके। इसी उद्देश्य के साथ प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है, जिसमें सभी विभागों के संबंधित अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुनते है और उनका समाधान करते है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान शिविर में जुड़ कर लोगों से फीडबैक लेते है।


