पंचकूला, 1 जून- उपायुक्त सतपाल शर्मा ने लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर में आज बरवाला तहसील के 29 गांवों के निवासियों की बस के लिए शैड बनाने की मांग पर संज्ञान लेते हुए हरियाणा रोडवेज के जीएम को मौके का मुआयना कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर में आज जिलावासियों की समस्याएं सुन रहे थे। उपायुक्त ने समाधान शिविर में जिलावासियों की 20 समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर बिना विलंब किए समाधान करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने समाधान शिविर में लंबित और रिओपन शिकायतें के मामलें में संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को अगले समाधान शिविर तक समस्याओं का समाधान कर रिपोर्ट प्रस्तत करने के निर्देश दिए। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने सेक्टर-12ए निवासी की सीवरेज के कूड़ा करकट उठवाने की मांग पर कार्रवाही करते हुए नगर निगम के संबंधित अधिकारी को मौके पर जाकर सफाई करवाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है, जिसमें सभी विभागों के संबंधित अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुनते है और उनका समाधान करते है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान शिविर में जुड़ कर लोगों से फीडबैक लेते है। उपायुक्त ने अधिकारियों को समाधान शिविर में आने वाली सभी समस्याओं का बिना विलंब के जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।


