पंचकूला, 18 मई : उपायुक्त सतपाल शर्मा ने सड़क निर्माण कार्यों से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पूर्व 15 जून तक सड़कों के पैचवर्क एवं रिकापेटिंग के कार्य हर हाल में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त आज लघु सचिवालय स्थित सभागार में विभिन्न सड़क निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों की आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग अपने अधीन आने वाले क्षेत्रों में 15 जून तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार रिकापेटिंग कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि नदियों एवं कौशल्या डैम के आसपास अवैध रूप से रह रहे लोगों को जागरूक कर सुरक्षित स्थानों पर हटाया जाए, ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की जान माल हानि की संभावना न रहे।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, एसडीएम पंचकूला श्री चंद्रकांत कटारिया, एसडीएम कालका श्री संयम गर्ग, नगराधीश सुश्री जागृति, पीएमडीए के अधीक्षक अभियंता, जिला वन मंडल अधिकारी श्री विशाल कौशिक, नगर निगम के अधीक्षक अभियंता सहित लोक निर्माण विभाग, जनस्वास्थ्य अभियंत्रिकी विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, एचएसआईआईडीसी तथा पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता उपस्थित रहे।


