मोहाली 15 मई 2026: जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने बताया कि जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन – एस.आई.आर.) पूरी पारदर्शिता, व्यवस्थित योजना और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पंजाब राज्य में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण संबंधी अधिसूचना जारी की गई है, जिसके तहत जिले में भी इस प्रक्रिया की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
जिला चुनाव अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एस.आई.आर. अभियान के तहत 25 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) घर-घर जाकर मतदाताओं से निर्धारित फॉर्म भरवाने और एकत्र करने का कार्य करेंगे। इस कार्य के लिए जिले में 838 बी.एल.ओ., 83 सुपरवाइजर, 3 ई.आर.ओ. तथा 6 ए.ई.आर.ओ. सहित संपूर्ण चुनावी अमला तैनात किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि बी.एल.ओ. की ट्रेनिंग तथा अन्य तैयारियों का कार्य 15 जून से 24 जून 2026 तक किया जाएगा। श्रीमती मित्तल ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाकर मतदाता सूचियों की पूर्ण शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि दोहरी वोट बनवाना भारतीय संविधान के तहत दंडनीय अपराध है, जिसके लिए एक वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है।
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए 1 जनवरी 2003 को योग्यता तिथि निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य 24 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाएगा तथा मतदाता सूची का प्रारूप 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित किया जाएगा।


