चंडीगढ़ 14 मई : हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक और एकतरफा जीत इस बात का स्पष्ट संकेत है कि हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन, पारदर्शिता और राष्ट्रवाद की राजनीति को खुले दिल से स्वीकार किया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक विजय के लिए प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री गुरुवार को पंचकूला में आयोजित नगर निकायों के नव-निर्वाचित मेयर, चेयरमैन एवं पार्षदों के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने निकाय चुनावों में कांग्रेस की परिवारवाद, झूठ, भ्रम और नकारात्मक राजनीति को पूरी तरह नकारते हुए भाजपा के विकास मॉडल पर अपनी मुहर लगाई है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार कर हुए कहा कि निकाय चुनावों में जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उन्हें केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि परिणाम चाहिए; केवल वादे नहीं, बल्कि काम चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों ने विकास को ध्यान में रखते हुए नगर निकायों में “ट्रिपल इंजन सरकार” बनाने का कार्य किया है।

CM सैनी ने कहा कि हरियाणा की जनता द्वारा भाजपा को मिला समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण नीतियों, अंत्योदय की भावना तथा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र की जीत है। उन्होंने कहा कि आज देश का गरीब, किसान, युवा, महिला, व्यापारी और कर्मचारी वर्ग प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहा है। यही कारण है कि देशभर में भाजपा लगातार जीत का परचम लहरा रही है।

Related Posts