चंडीगढ़, 16 अप्रैल सीनियर अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब के सरकारी खजाने की गिरती हालत को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा हमला करते हुए कहा कि मान पंजाब के लोगों को खजाने की असली सच्चाई बताने की बजाय बातों का हलवा बनाकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री की बातों में सच्चाई है तो वे तुरंत खजाने की वास्तविक स्थिति पर व्हाइट पेपर जारी करें।
मजीठिया ने कहा कि पंजाब की आर्थिक स्थिति आज इतिहास के सबसे गंभीर दौर से गुजर रही है, लेकिन सरकार इस संकट को स्वीकार करने की बजाय केवल पिछली सरकारों पर दोष मढ़कर अपनी जिम्मेदारी से बच रही है। उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री को खुलकर जनता को बताना चाहिए कि खजाने की असली हालत क्या है।
मजीठिया ने कहा कि यह केवल आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य के साथ खेल है। “यदि आज भी सच्चाई सामने नहीं लाई गई तो आने वाली पीढ़ियों को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी,” उन्होंने चेतावनी दी।
अंत में बिक्रम सिंह मजीठिया ने मांग की कि मुख्यमंत्री भगवंत मान तुरंत व्हाइट पेपर जारी कर पंजाब के हर एक पैसे का हिसाब जनता को दें और स्पष्ट करें कि चार वर्षों में लिया गया कर्ज कहां खर्च हुआ और राज्य को उसका वास्तविक लाभ क्या मिला,अन्यथा यह माना जाएगा कि सरकार सच्चाई से भाग रही है और लोगों को भाषणों के जरिए गुमराह कर रही है।


