पंजाब में 17 अप्रैल को किसानों का रेल रोको प्रदर्शन किया जा रहा है, चंडीगढ़ में हुई संयुक्त बैठक में यह निर्णय संयुक्त किसान मोर्चा, किसान मजदूर मोर्चा (पंजाब चैप्टर) और आजाद किसान मोर्चा से जुड़े संगठनों ने लिया । संगठन ने बताया यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक किया जाएगा।
गेहूं खरीद में हो रही देरी को लेकर किसानों ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। चंडीगढ़ में हुई संयुक्त बैठक में किसान संगठनों ने 17 अप्रैल को पूरे राज्य में रेल रोको आंदोलन करने का फैसला लिया है।
वही किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि हाल ही में हुई बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन इसके बावजूद सरकार ने अब तक मंडियों में खरीद प्रक्रिया ठीक से शुरू नहीं की है।
किसानों का कहना है कि मंडियों में फसलें पड़ी हुई हैं और उन्हें उचित दाम नहीं मिल रहे, जबकि व्यापारी किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर कम कीमत पर खरीद कर रहे हैं। किसानों ने सरकार से मांग की है कि गेहूं की खरीद तुरंत शुरू की जाए और गुणवत्ता संबंधी नियमों में ढील दी जाए, ताकि नुकसान झेल रहे किसानों को राहत मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से मंडियों में बोरियों की कमी, छांव, पीने के पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
इसके साथ ही किसान संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वही इस रेल रोको यात्रा का असर यात्रियों को झेलना पड़ेगा क्योंकि प्रदर्शन का असर उनकी यात्राओं पर पड़ेगा।


