मोहाली 6 अप्रैल: डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने आज जिला ट्रेडर्स कमीशन की हाल ही में आयोजित बैठकों के दौरान व्यापारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित विभागों को इन समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक मामले की स्थिति को तुरंत ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट करने के भी निर्देश दिए।
यह समीक्षा बैठक जिला ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन रणजीत पाल सिंह और वाइस चेयरमैन तरलोचन सिंह बैदवान की उपस्थिति में आयोजित की गई। इस अवसर पर मोहाली हलके के चेयरमैन अकविंदर सिंह गोसल और खरड़ हलके के चेयरमैन यशपाल बंसल भी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा अब तक हुई प्रगति को बिना किसी देरी के ऑनलाइन पोर्टल पर प्रदर्शित किया जाना चाहिए। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जनता और व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वयं संज्ञान लेकर समयबद्ध तरीके से हल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
फेज 3बी2, 3बी1, फेज 7 तथा फेज 4 और 5 के बाजारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के अधिकांश मुद्दे स्थानीय निकायों से संबंधित हैं और उनका त्वरित समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रेडर्स कमेटियों का गठन व्यापारियों के लिए व्यापार करना आसान बनाने के उद्देश्य से किया गया है और यह हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है कि उनके मुद्दों का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डी एस पी (ट्रैफिक) करनैल सिंह ने आश्वासन दिया कि ट्रैफिक और पुलिस से संबंधित सभी मुद्दों का निर्धारित समय के भीतर समाधान किया जाएगा। जॉइंट कमिश्नर, नगर निगम मोहाली जसजीत सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा कई मुद्दों पर कार्य शुरू कर दिया गया है और उनका समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर एस डी एम मोहाली दमनदीप कौर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।


