‘‘मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपये’’ वाली टिप्पणी के बाद कांग्रेस से निलंबित की गईं नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। नवजोत कौर की इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
शुक्रवार रात को सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘‘मुख्यमंत्री भगवंत मान जी मुझे लगता है कि अब मुझे कुछ सुरक्षा की जरूरत है, वरना आप जिम्मेदार होंगे। कृपया बताएं कि पंजाब के माननीय राज्यपाल के समक्ष उठाए गए मेरे मुद्दों पर आपकी ओर से कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई? आप शराब और खनन माफिया को क्यों बढ़ावा दे रहे हैं?’’
CM भगवंत मान पर “भूमि घोटाले” का आरोप
राज्यपाल के साथ एक बैठक में नवजोत कौर ने यह आरोप भी लगाया था कि राज्य में कानून व्यवस्था ‘‘बिगड़ रही है’’। इसके साथ ही उन्होंने उस ज्ञापन की एक प्रति भी साझा की जिसमें उन्होंने पंजाब के राज्यपाल के साथ अपनी हालिया बैठक में उठाए गए मुद्दों का जिक्र किया था। इसमें कौर ने भगवंत मान सरकार पर ‘‘भूमि घोटाले’’ का आरोप लगाया था।
उन्होंने दावा किया था कि कुछ ‘‘बड़े नामी लोगों’’ ने ‘‘शिवालिक पहाड़ियों के आसपास संरक्षित वन भूमि’’ में जमीन हड़प ली है और मुख्यमंत्री इसे नियमित करने की कोशिश कर रहे हैं। नवजोत कौर ने सरकार से लेकर विपक्ष तक सभी को निशाना साधते हुए कटघरे में खड़ा कर दिया है। अब इस पर पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पलटवार करते हुए कहा नेता पहले तो जो मुहं में आए उलटे- सीधे बयान दे देते है फिर मेरे पास आ जाते है कि हमें जान का खतरा है। उनके बयान ने तो कांग्रेस में भी कुर्सी के रेट सेट कर दिए है।


