साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर में एस.ए.एस. नगर साइबर क्राइम पुलिस ने 92 करोड़ रुपये की “डिजिटल अरेस्ट” ठगी का पर्दाफाश करते हुए देशभर में फैले दो बड़े गिरोहों को धर दबोचा है। एसएसपी हरमनदीप सिंह हांस और डीएसपी रुपिंदरदीप कौर सोही की अगुवाई में पुलिस टीम ने तमिलनाडु, कर्नाटक और गुजरात समेत कई राज्यों में छापेमारी कर 10 आरोपियों की पहचान की, जिनमें से 6 को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को पुलिस, सीबीआई या अन्य एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को झूठे मामलों में फंसाने और “डिजिटल गिरफ्तारी” की धमकी देकर भारी रकम ऐंठते थे। जांच में सामने आया कि गिरोह ने देशभर में दर्जनों लोगों से ठगी कर 92 करोड़ रुपये हड़प लिए। केवल एस.ए.एस. नगर के पीड़ितों से करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी हुई, जिसे ट्रेस कर लिया गया है। कार्रवाई के तहत 310 बैंक खाते फ्रीज़ किए गए हैं। पिछले चार महीनों में साइबर क्राइम पुलिस ने 6 अवैध कॉल सेंटर पकड़े, 41 आरोपी (जिनमें 7 विदेशी) गिरफ्तार किए और करोड़ों रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए। समय रहते कार्रवाई कर 2 करोड़ रुपये की ठगी को रोका भी गया। एसएसपी हरमनदीप ने कहा कि यह सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, बल्कि नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाने की पंजाब पुलिस की मजबूत प्रतिबद्धता का सबूत है।

Related Posts