“आरु वशिष्ठ के नेतृत्व में” महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया

पंचकूला/कालका 10 फरवरी: महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, पिंजौर आरु वशिष्ठ के नेतृत्व में खंड स्तर पर ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन अरुणा आसफ़ अली राजकीय महाविद्यालय, कालका के मैदान में किया गया।

इस कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय, पिंजौर के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे तथा आयोजन को सफल बनाने में उनका सक्रिय सहयोग रहा।

ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं के लिए अनेक खेलों का आयोजन किया गया। 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए 300 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़ एवं साइकिल रेस आयोजित की गई। वहीं 30 से 45 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए 100 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो एवं म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं करवाई गईं।

कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं का कुआं पूजन भी किया गया तथा 1 वर्ष से कम आयु की बच्चियों का अन्नप्राशन भी करवाया गया जिसमें उन्हें पौष्टिक आहार जैसे खिचड़ी, सूजी का हलवा खिलाकर पौष्टिक आहार ग्रहण करने का संदेश दिया गया, इसके अतिरिक्त बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत केक कटिंग सेरिमनी आयोजित की गई। नन्ही बच्चियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया तथा उनके नन्हे चिन्ह की छाप के माध्यम से समाज में बेटियों को शिक्षित करने एवं आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, पिंजौर आरु वशिष्ठ द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को उत्साहपूर्वक आगे बढ़ाने तथा महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सदैव सतर्क एवं जागरूक रहने का संदेश दिया गया।