महात्मा गांधी की पुण्यतिथि आज..देश ने किया नमन

आज शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि शहीद दिवस के रूप में मनाई जा रही है। बतादें आज ही के दिन महात्मा गांधी की 1948 में नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पूरा देश भारत महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को शहीद दिवस के रूप में मनाता है ताकि राष्ट्र के अग्रणी नेता के जीवन और विरासत तथा शांति, न्याय एवं स्वतंत्रता के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सके।

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन। पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का भी आधारस्तंभ है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।’ उन्होंने महात्मा गांधी के स्वदेशी के आह्वान को विकसित भारत का मूलभूत सिद्धांत बताया। उन्होंने कहा कि बापू ने हमेशा स्वदेशी पर विशेष जोर दिया, जो आज की सरकार के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का एक मूलभूत स्तंभ भी है।

CM योगी ने X पर गांधी को दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, ‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। श्रद्धेय ‘बापू’ का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की उनकी अडिग साधना और मानवता के प्रति अनन्य करुणा संपूर्ण विश्व को सदैव आलोकित करती रहेंगी। आइए, ‘बापू’ के आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान दें।’ बता दें कि भारत हर साल 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को शहीद दिवस के रूप में मनाता है। इस दिन गांधी स्वतंत्रता के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि दी जाती है।

कांग्रेस ने ट्वीट किया

कांग्रेस ने X पर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘सत्य और अहिंसा के पुजारी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर कोटिशः नमन। बापू के आदर्श हमें न्याय और शांति की राह का अनुसरण करने के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।’