स्वदेशी महोत्सव से गूंजा संदेश: हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी

पंचकूला दिसम्बर 22: स्वदेशी जागरण मंच की ओर से पंचकूला के सैक्टर 5 परेड ग्राऊंड में चल रहे स्वदेशी महोत्सव में स्वदेशी मंच के राष्ट्रीय सह-संगठक श्री सतीश उपस्थित रहें उन्होंने हजारों लोगों को स्वदेशी महोत्सव में हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी का संदेश दिया । उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वदेशी महोत्सवों का आयोजन पूरे देश में आयोजित हो रहा है। हरियाणा के प्रत्येक जिला में स्वदेशी महोत्सव आयोजित करने की परियोजना लागू हो चुकी है। आने वाले दिनों में इसके सार्थक परिणाम आएंगे। स्वदेशी अभियान देश भर में स्वरोजगार को जन्म दे रहा है। अब स्वदेशी के माध्यम से युवा नये उद्योग स्थापित कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आर्थिक दृष्टि से भारत मजबूत हो रहा है। लाल किले की प्राचीर से भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आह्वान किया था कि स्वदेशी अपनाओ, घर-घर स्वदेशी पहुंचाओ, इस आह्वान का असर पूरे भारत में देखने को मिल रहा है। श्री सतीश ने विरासत दि हेरिटेज विलेज मीडिया चौपाल एवं मुख्य मंच से युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वदेशी को अपनाये और स्वरोजगार को बढ़ावा दें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज के युवा को नौकरी लेने वाला नहीं अपितु नौकरी देने वाला बनना चाहिए। पूरे विश्व में जहां मंदी का दौर है वहीं पर भारत का ग्रोथ रेट लगभग सात प्रतिशत से अधिक बना हुआ है।