पंजाब कैबिनेट की बैठक मंगलवार को चंडीगढ़ मे हुई। पंजाब सरकार की कैबिनेट बैठक में राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भगवान राम के जीवन पर आधारित नाटक ‘हमारे राम’ राज्य के 40 शहरों में आयोजित किया जाएगा। उन्होने बताया इन कार्यक्रमों में देश के कई नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देगे। इसके अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं सरकार का मानना है कि यह प्रस्तुति सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करेगी। साथ ही, शो आयोजित करने का फैसला सरकार की कमेटी लेगी।
जमीन देने का फैसला डिप्टी कमिश्नर की कमेटी करेगी
अब शहरी इलाकों में सार्वजनिक उद्देश्य के लिए जमीन देने का फैसला डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता वाली कमेटी करेगी। पहले विभागों के बीच जमीन ट्रांसफर में महीनों लग जाते थे, लेकिन नई व्यवस्था से लीज, बिक्री या नीलामी से जुड़े निर्णय तेजी से लिए जा सकेंगे।
1000 नए योगा ट्रेनर की होगी भर्ती
CM योगशाला प्रोजेक्ट के तहत अब 1000 और योगा ट्रेनर रखे जाएंगे। पहले उन्हें आठ महीने की फील्ड ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें 8 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद 25 हजार रुपये मासिक वेतन तय किया गया है।
किसानों के भुगतान पर फैसला
सरकार ने निजी चीनी मिलों को निर्देश दिया है कि वे गन्ना किसानों को 68.50 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान करें।
इसके साथ ही कई अन्य फैसलों पर आज मुहर लग गई जिसमे से जापान के सहयोग से बागवानी क्षेत्र को बढ़ाने की योजना को मंजूरी दी गई है। अगले दस वर्षों में बागवानी का रकबा 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।
फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) बढ़ाने पर लगने वाला शुल्क 50 प्रतिशत से घटाकर 25 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे मकान मालिकों और डेवलपर्स को सीधा फायदा मिलेगा।
Top Tags