उपायुक्त ने रात्रि ठहराव में त्रिलोकपुर गांव के लोगों की सुनीं समस्याएं

पंचकूला, 18 मार्च. उपायुक्त सतपाल शर्मा ने खंड बरवाला के गांव त्रिलोकपुर में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों की बस चलवाने की मांग पर तुरंत संज्ञान लेते हुए हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक को ग्रामीणों व विद्यार्थियों के लिए बस सेवा शुरू करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने रात्रि ठहराव के दौरान गांव त्रिलोकपुर में ग्रामीणों की समस्या सुनी और मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को गंभीरता व बिना विलंब किए समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। उपायुक्त ने इस दौरान कुल 35 समस्याएं सुनीं और अधिकतम का मौके पर समाधान किया तथा शेष समस्याओं का के लिए अधिकारियों को जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने डेरा बाबा बंगाली समिति व अन्य लोगों की मेले के दौरान सामान बेचने संबंधी अनुरोध पर वन विभाग को अपनी जगह में नवरात्र मेले के दौरान 10 दिन के लिए दुकानदारों को अस्थाई रूप से सामान बेचने की अनुमति देने के निर्देश दिए।

डीसी ने गांव के किसान रामकरण की किसान सम्मान निधि योजना का लाभ न मिलने की समस्या पर संज्ञान लेते हुए कृषि विभाग को एक सप्ताह में आईडी बनाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजना का लाभ दिलवानेे के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने बताया कि सरकार का रात्रि ठहराव कार्यक्रम करने का उद्देश्य जिला प्रशासन के द्वारा ग्रामीणों क्षेत्रों में लोगों के घर द्वार पर उनकी सामूहिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को सुनना व निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित करना है। साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करना व लोगों तक उन योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।