CM मान के प्रयास से “टाटा स्टील” का दूसरा सबसे बड़ा प्लांट अब पंजाब में

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब को एक और सौगात दी है उन्होने  सोमवार को कहा कि लुधियाना में टाटा स्टील के मेगा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के मार्च से संचालन शुरू होने से राज्य के औद्योगिक पुनरुत्थान को बड़ा बल मिलेगा । उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों और स्थिर शासन व्यवस्था में वैश्विक उद्योगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

टाटा स्टील के वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के दौरान  वाइस प्रेसिडेंट (लॉन्ग प्रोडक्ट्स) आशीष अनुपम और कॉर्पोरेट अफेयर्स के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे,  मुख्यमंत्री मान ने कहा कि टाटा स्टील समूह विश्व की अग्रणी इस्पात निर्माण कंपनियों में से एक है, जिसकी वार्षिक कच्चे इस्पात उत्पादन क्षमता लगभग 34 मिलियन टन है और कई देशों में इसकी मजबूत उपस्थिति है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि टाटा स्टील लिमिटेड लुधियाना के हाइटेक वैली के पास 0.75 एमटीपीए क्षमता वाली इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस आधारित स्टील निर्माण इकाई और रीबार मिल स्थापित कर रही है। 115 एकड़ में फैली इस परियोजना के लिए प्रारंभिक निवेश लगभग ₹2,600 करोड़ प्रस्तावित था, जिसे अब बढ़ाकर ₹3,200 करोड़ कर दिया गया है। इस संयंत्र से लगभग 2,500 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को पंजाब के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि यह जमशेदपुर के बाद भारत में टाटा स्टील का दूसरा सबसे बड़ा प्लांट है और राज्य में कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा निवेश है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा, मुख्य सचिव केएपी सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।