पंजाब के स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता का सख्त निरीक्षण

खरड़ , 21 जनवरी 2026  पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य  विजय दत्त ने बुधवार को साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर जिले के ब्लॉक कुराली एवं ब्लॉक खरड़ के विभिन्न सरकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के अंतर्गत संचालित पोषण एवं खाद्य सुरक्षा योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन करना था।

निरीक्षण के दौरान दत्त ने मिड-डे मील की गुणवत्ता, रसोईघरों की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण तथा साफ-सफाई व्यवस्था की बारीकी से जांच की। उन्होंने मिड-डे मील वर्करों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को अनिवार्य बताते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता को लेकर संवाद किया तथा उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।

इसके साथ ही विजय दत्त ने सभी स्कूलों में पीने के पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। साथ ही उन्होंने स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजाब राज्य खाद्य आयोग का शिकायत/हेल्पलाइन नंबर 9876764545 प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि किचन गार्डन न केवल पोषण स्तर को बेहतर बनाते हैं, बल्कि बच्चों में प्रकृति, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता की भावना भी विकसित करते हैं।