पंचकूला, 17 मार्च : राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान पंचकूला की ओर से चैत्र नवरात्र के पावन उपलक्ष्य में माता मनसा देवी मंदिर परिसर में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित लगाया जाएगा। यह स्वास्थ्य जांच शिविर 19 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगा, जिसमें हर रोज नवरात्र मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उप चिकित्सा अधीक्षक (डीएमएस) डॉ. गौरव गर्ग ने बताया कि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वाधान में संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा और डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में वर्ष 2024 से चैत्र एवं शारदीय नवरात्री के पावन अवसर पर शिविर का आयोजन किया जाता है।
शिविर में विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी, जो श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच करेगी और जरूरतमंद लोगों को निशुल्क आयुर्वेदिक दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। स्वास्थ्य शिविर का समन्वयक डॉ. अनुराग कुशल और डॉ. मानसी ग्रेवाल को नियुक्त किया गया है, जिनकी देखरेख में शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान भीड़ और मौसम में बदलाव के कारण अक्सर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होती हैं, ऐसे में यह शिविर उनके लिए काफी लाभकारी साबित होगा। मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य परामर्श मिलेगा, साथ ही उनमें आयुर्वेद के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
Top Tags