पंचकूला, 5 मार्च : नगराधीश जागृति ने आज लघु सचिवालय के सभागार में हरियाणा सरकार द्वारा निर्देशित समाधान शिविर में जिलावासियों की समस्याएं सुनी और मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को तय समय सीमा में समाधान करने के निर्देश दिए।
गांव जासपुर, खंड रायपुररानी के गौरव शर्मा ने शिकायत दी कि गांव में कुछ लोगों की मिलीभगत से पंचायती जमीन और तालाब पर अवैध निर्माण कर कब्जा किया गया है। उन्होंने पंचायती जमीन से जल्द से जल्द अवैध कब्जा हटवाने का अनुरोध किया। इस पर नगराधीश ने संज्ञान लेते हुए रायपुररानी के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी और संबंधित एमिनेंट सिटीजन को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कामधेनु गौशाला रत्तेवाली के प्रतिनिधि ने शिकायत में बताया कि राशि स्वीकृत होने के बावजूद गौशाला की चारदीवारी का कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है। इस पर पंचायती राज विभाग के अधिकारी ने बताया कि उक्त कार्य का टेंडर लग चुका है और चारदीवारी का कार्य जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। नगराधीश ने अधिकारी को इस संबंध में अगली बैठक से पूर्व विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत भोज दराड़ा के निवासियों ने पंचायत के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों में पूर्ण रूप से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था न होने की शिकायत दी। उन्होंने बताया कि इस कारण कई गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर नगराधीश जागृति ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी को संबंधित गांवों में पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि पानी की पाइपलाइन बिछाने का टेंडर लगा दिया गया है। टेंडर अलॉट होते ही लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांवों में पेयजल की समस्या नहीं रहेगी।
Top Tags